
जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गणगौर मिष्ठान की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री धुएं और आग की लपटों से घिर गई। दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार फैक्ट्री से पहले धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के दुकानदारों और लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोकने की कोशिश की। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से फैक्ट्री में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अब तक किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।