
कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र स्थित बगडो गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मृतका की पहचान काजल कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब दो माह पूर्व मोहम्मद मुन्नासिर के साथ हुई थी।
जानकारी के अनुसार, काजल के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिलने पर उसके मायके पक्ष के लोग बगडो गांव पहुंचे। वहां पहुंचते ही परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही काजल को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि विवाह में अपनी क्षमता के अनुसार सभी जरूरी सामान दिए गए थे, इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया है।
इधर, घटना के बाद मृतका के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।