सरायकेला में बैंक मैनेजर से 50 हजार की रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

सरायकेला कांड्रा थाना क्षेत्र में झारखंड ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जानकारी सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने दी. उन्होंने बताया कि 22 मई को बैंक मैनेजर को फोन कर खुद को “रवि लोहार” बताते हुए 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. आरोपी ने कहा था कि वह सरायकेला जेल में बंद है और जमानत व वकील के खर्च के लिए पैसे चाहिए. इसके बाद बैंक प्रबंधक ने कांड्रा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर जमशेदपुर के मानगो बस स्टैंड के पास छापेमारी कर आरोपी बंटी गुहा (38) को गिरफ्तार कर लिया. वह परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी का निवासी है और वर्तमान में पश्चिम कोलकाता में रह रहा था. पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है. पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से रंगदारी, लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *