
सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई लूट और फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. अपराधियों ने डैमडूबी स्थित तन्नू जनरल स्टोर के समीप माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एक कर्मी से करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए और विरोध करने पर फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मिली जानकारी के अनुसार माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत नरेंद्र भगत, जो घाटशिला के बेलाजुड़ी के रहने वाले बताए जा रहे हैं, क्षेत्र में कलेक्शन कर लौट रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें रोक लिया. अपराधियों ने हथियार के बल पर रुपये से भरा बैग छीनने की कोशिश की. जब नरेंद्र भगत ने विरोध किया तो अपराधियों ने एक राउंड फायरिंग कर दी.
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए और घटनास्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक से फरार हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है. उधर सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए चांडिल एसडीपीओ अरविंद बिन्हा और चांडिल इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा पुलिस टीम को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. चांडिल एसडीपीओ अरविंद बिन्हा ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही लूटकांड में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार को लगातार छापेमारी अभियान चलाने और संदिग्धों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है. इधर लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने कपाली और आसपास के इलाकों में कानून- व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े फायरिंग और लूट की घटना अपराधियों के बढ़ते मनोबल को दर्शाती है. लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
फिलहाल पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है.