
जमशेदपुर में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 4 मई 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ओलीडीह थाना क्षेत्र में गंगा अस्पताल के सामने स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट कॉलोनी स्थित बजरंग बली मंदिर के पास कुछ लोग अवैध रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम रात करीब 8:05 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक के पास से काले पजामे की जेब में रखे सफेद प्लास्टिक पाउच से 30 पुड़िया बरामद की गई। जांच करने पर सभी पुड़ियों में ब्राउन शुगर पाई गई। जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन 2.51 ग्राम बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. हसन अंसारी (26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने जब्त सामान को विधिवत जप्ती सूची बनाकर कब्जे में ले लिया है।
इस मामले में मानगो (ओलीडीह) थाना कांड संख्या 103/26, दिनांक 04.05.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(a), 21(a) और 22(a) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।