जमशेदपुर में बड़ा हादसा: धातकीडीह में लिफ्ट गिरने से महिला गंभीर, टीएमएच में भर्ती

Spread the love

जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धातकीडीह में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. लिफ्ट गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला की पहचान रुकसाना (45) के रूप में हुई है. वह जुगसलाई की रहने वाली है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. रुकसाना धातकीडीह स्थित हुसैन बिल्डिंग के एक फ्लैट में घरेलू काम करने जाती थी. शुक्रवार दोपहर भी वह रोज की तरह काम करने के लिए बिल्डिंग पहुंची थी. वह लिफ्ट से ऊपर जा रही थी. इसी दौरान अचानक लिफ्ट खराब होकर नीचे गिर गई. हादसे की तेज आवाज सुनकर बिल्डिंग के लोग और आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने तुरंत घायल महिला को लिफ्ट से बाहर निकाला और इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया.अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। फिलहाल महिला का इलाज सीसीयू में चल रहा है और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.
पुलिस ने की जांच
सूचना मिलने के बाद बिष्टुपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों से पुलिस ने घटना की जानकारी ली. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लिफ्ट कैसे गिरी और उसमें तकनीकी खराबी थी या नहीं. साथ ही बिल्डिंग प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है. इधर, इस हादसे के बाद बिल्डिंग में रहने वाले लोगों में डर का माहौल है. स्थानीय लोगों ने लिफ्ट की नियमित जांच और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *