जमशेदपुर: बुनियादी सुविधाओं को लेकर आस्था ट्विन सिटी अपार्टमेंट के निवासियों का गेट जाम, प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

Spread the love

जमशेदपुर के बिरसानगर स्थित आस्था ट्विन सिटी अपार्टमेंट के निवासियों ने शुक्रवार को बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर मुख्य गेट जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने बिल्डर और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा अपनी समस्याओं को जल्द दूर करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि अपार्टमेंट में लंबे समय से बिजली, पानी और लिफ्ट जैसी जरूरी सुविधाएं सही ढंग से उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रबंधन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
निवासियों ने कहा कि उनसे मेंटेनेंस शुल्क लिया जाता है, लेकिन सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। उनका आरोप है कि प्रबंधन की ओर से 100 प्रतिशत मेंटेनेंस नहीं होने का बहाना बनाकर समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गेट जाम की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली, पानी और लिफ्ट की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं, मामले को लेकर प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *