
हजारीबाग शहर के डॉ ज़ाकिर हुसैन रोड में नशे की लत और बकाया पैसे की मांग के डर से एक 19 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक को कुछ युवकों द्वारा कथित रूप से ब्राउन शुगर की लत लगाई गई थी। परिजनों का आरोप है कि पहले उसे उधार पर नशा दिया गया और बाद में लगातार बकाया पैसे की मांग की जा रही थी। इसी दबाव और डर के कारण युवक ने यह कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन युवक को तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने संबंधित युवकों के खिलाफ कड़ी पुलिस कार्रवाई की मांग की है और आरोप लगाया है कि उनके बेटे को जानबूझकर नशे के जाल में फंसाया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों हजारीबाग शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाकों तक ब्राउन शुगर का अवैध कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे कई युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं। नशे की लत के कारण चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में भी वृद्धि देखी जा रही है।
