जमशेदपुर में सियासी घमासान: मेयर पर विधायक सरयू राय का हमला, डीसी को लिखा पत्र

Spread the love

जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता के खिलाफ विधायक सरयू राय ने मोर्चा खोल दिया है। इस संबंध में विधायक ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिखकर मानगो क्षेत्र में कथित अनियमितताओं पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।
विधायक सरयू राय ने उपायुक्त से मुलाकात कर स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में कार्य मनमानी और दबंगई से नहीं, बल्कि नियम-कानून के तहत होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मेयर द्वारा विभिन्न वार्ड पार्षदों के क्षेत्रों में अपने-अपने “मेयर प्रतिनिधि” नियुक्त किए गए हैं, जो कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप कर रहे हैं और विकास कार्यों को बाधित कर रहे हैं।
राय ने सवाल उठाया कि वार्ड पार्षदों के क्षेत्रों में इस तरह के प्रतिनिधियों की क्या आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी आधिकारिक सूचना और स्वीकृत योजना के शिलान्यास किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में न तो संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं और न ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों को जानकारी दी जाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि कई शिलान्यास कार्यक्रमों में केवल मेयर और उनके ठेकेदार ही मौजूद रहते हैं, जो पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है। विधायक ने उपायुक्त से ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने पर जोर दिया है।
विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में दबंगई के आधार पर काम होगा तो इससे सरकारी धन के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई कर व्यवस्था को पारदर्शी और नियमसम्मत बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *