
सरायकेला- खरसावां जिले की 22 वें एसपी के रूप में 2013 बैच की IPS निधि द्विवेदी ने पुलिस अधीक्षक के रूप में रविवार को पदभार संभाल लिया है. पदभार ग्रहण से पूर्व जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर जिले के पुलिस पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया उसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. एसपी के रूप में कार्यभार संभालते ही निधि द्विवेदी ने अपने सख्त इरादे स्पष्ट कर दिए. उन्होंने साफ कहा कि जिले में कानून- व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और अपराधियों के लिए किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी. इससे पूर्व पाकुड़ जिले की एसपी रह चुकी निधि द्विवेदी अपने कड़े प्रशासनिक फैसलों और अनुशासन के लिए जानी जाती हैं. उनके कार्यकाल में कई मामलों में सख्त कार्रवाई देखने को मिली, जिससे उनकी एक निडर और प्रभावी अधिकारी की छवि बनी है.
पदभार ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा उनकी पहली जिम्मेदारी है. अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है. साथ ही पुलिसिंग को और अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनाने की दिशा में काम किया जाएगा. महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर भी उन्होंने सख्त रुख अपनाने की बात कहीं. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी. नई एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को टीम भावना के साथ काम करने का निर्देश दिया. उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतने पर बल दिया. इस मौके पर मुख्यालय डीएसपी प्रदीप उरांव, सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया, चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रशिक्षु डीएसपी पूजा कुमारी और थाना प्रभारी विनय कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे. निधि द्विवेदी की नियुक्ति से जिले में नई उम्मीद जगी है कि कानून- व्यवस्था और मजबूत होगी और अपराधियों पर सख्ती से नकेल कसी जाएगी.
