
जमशेदपुर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के बैनर तले निजी स्कूलों द्वारा री-एडमिशन के नाम पर वसूले जा रहे अतिरिक्त शुल्क के विरोध में कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया। धरने में बड़ी संख्या में अभिभावक और संगठन के सदस्य शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निजी स्कूल हर साल री-एडमिशन के नाम पर अभिभावकों से मनमाना शुल्क वसूल रहे हैं, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से अवैध और अनुचित है, जिस पर प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए।
धरना के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि री-एडमिशन शुल्क पर रोक लगाई जाए और दोषी स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही अभिभावकों को राहत देने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की गई।
प्रदर्शन के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर इस मुद्दे पर जल्द कार्रवाई की मांग की।
