
जमशेदपुर : डॉ भीम राव अंबेडकर जी की जयंती के पावन अवसर पर झारखंड प्रदेश यूथ इंटक के अध्यक्ष सत्यम सिंह के नेतृत्व में पिछड़े वर्ग के बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर बच्चों एवं अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सत्यम सिंह ने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर का संपूर्ण जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में शिक्षा प्राप्त कर समाज में व्याप्त भेदभाव के विरुद्ध संघर्ष किया और देश को एक मजबूत संविधान प्रदान किया। उनका विश्वास था कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिससे व्यक्ति अपने जीवन के साथ-साथ समाज का भविष्य भी बदल सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में, जब महंगाई लगातार बढ़ रही है, तब भी अभिभावकों का यह दायित्व है कि वे अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएं। यही बाबा साहेब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को शिक्षित बनाकर उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें।
