
गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चौधरीडीह श्यामनगर टोला में मंगलवार देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। घटना के बाद आक्रोशित मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल के घर में आगजनी कर दी, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदन कुमार की पत्नी बिंदिया देवी (लगभग 26 वर्ष) का शव घर के समीप स्थित कुएं में तैरता हुआ मिला। आशंका जताई जा रही है कि घरेलू विवाद से परेशान होकर विवाहिता ने यह कदम उठाया। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके, हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र स्थित घुटवाटांड गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इसके बाद बड़ी संख्या में मायके पक्ष के लोग श्यामनगर टोला पहुंचे और गुस्से में ससुराल पक्ष के घर पर हमला बोल दिया। आक्रोशित भीड़ ने पेट्रोल छिड़ककर घर में आग लगा दी, जिससे घर का अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना पर सरिया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। बाद में अग्निशमन विभाग की टीम को बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने कुएं से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आगजनी में शामिल लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। साथ ही विवाहिता की मौत के पीछे के कारणों की भी हर पहलू से जांच की जा रही है।
