
सरायकेला
दिल्ली- जयपुर हाईवे के कापड़ियावास क्षेत्र में निर्माणाधीन साइट पर हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को अब राहत मिलनी शुरू हो गई है. बुधवार को कांड्रा स्थित फोर सीजंस रिसॉर्ट में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मृतकों के आश्रितों को मुआवजा राशि का चेक एवं नौकरी के लिए ऑफर लेटर सौंपा. ज्ञात हो कि उक्त हादसे में मिट्टी धंसने से कुल सात मजदूरों की मौत हो गई थी, जिनमें छह मजदूर झारखंड के सरायकेला- खरसावां एवं पूर्वी सिंहभूम जिले के निवासी थे. इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. प्रशासन द्वारा तत्काल राहत कार्य चलाते हुए सभी शवों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद हरियाणा सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को पहले ही 20- 20 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई थी. वहीं बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में शेष 20- 20 लाख रुपये का चेक भी सौंपा गया, जिससे प्रत्येक परिवार को कुल 40 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली है. इसके साथ ही आश्रितों को नौकरी का भी लेटर दिया गया. कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी. उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की. इससे पूर्व गम्हरिया पूर्वी प्रखंड अध्यक्ष अमरेश गोस्वामी के नेतृत्व में रक्षा मंत्री के कांड्रा आगमन पर मेन रोड में गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया तथा माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांड्रा में ट्रेनों के ठहराव एवं खराब सड़क को दुरुस्त करने का मुद्दा उठाया, जिस पर उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि बहुत जल्द सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा. इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, जिला अध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान, प्रखंड अध्यक्ष प्रतिनिधि विद्या सागर दुबे, सुनीता मिश्रा, छवि गोराई, विजय श्रीवास्तव, विनोद झा, विवेक कुमार, सोनू कुमार, विशाल मोदक, अशोक सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
