
जमशेदपुर यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के खिलाफ जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के नेतृत्व में मंगलवार से टाटानगर रेलवे स्टेशन पर धरना शुरू हो गया। स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप आयोजित इस धरने में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिलाएं और समाजसेवी शामिल हुए। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी समर्थन दिया।
धरनास्थल पर प्रदर्शनकारियों ने डंका बजाकर रेलवे के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि रेलवे प्रशासन मालगाड़ियों को प्राथमिकता देकर यात्री ट्रेनों की अनदेखी कर रहा है, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धरने को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि चांडिल से टाटानगर रेलवे स्टेशन तक का सफर, जो सामान्यतः लगभग आधे घंटे में पूरा हो जाता है, अब यात्री ट्रेनों को 3 से 4 घंटे तक का समय लग रहा है। यह स्थिति यात्रियों के लिए बेहद कष्टदायक है, खासकर उन मजदूरों के लिए जो रोजी-रोटी के लिए दूसरे शहरों से यहां आते हैं।
उन्होंने कहा कि ट्रेनों की समयबद्धता सुनिश्चित करना रेलवे की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान स्थिति में यात्रियों की सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। इसी के विरोध में यह धरना आयोजित किया गया है, ताकि रेलवे प्रशासन जल्द से जल्द व्यवस्था में सुधार करे और यात्री ट्रेनों को समय पर चलाया जा सके।
धरने में शामिल लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
