रामगढ़गोला में हाथियों का कहर, तीन की मौत ,बंदा में दो मजदूर, मुरपा में एक वृद्ध की जान गई; ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश

Oplus_16908288

झारखंड के रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र में हाथियों के हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मुरपा गांव में महुआ चुनने जा रहे श्याम देव साव (वृद्ध) को हाथियों ने कुचलकर मार डाला। इसके बाद हाथियों का झुंड बंदा गांव के बांग्ला भट्ठा क्षेत्र पहुंचा, जहां शौच के लिए जा रहे दो मजदूरों युगल भुईया और धीरज भुईया पर हमला कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। तीनों मृतकों की पहचान कर ली गई है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाथियों की गतिविधियों की पूर्व सूचना नहीं दी जाती, जिससे वे सतर्क नहीं हो पाते। साथ ही, हाथियों को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में खदेड़ने में भी विभाग विफल रहा है।

वहीं, गोला के वन क्षेत्र पदाधिकारी नीलेश पोद्दार ने कहा कि हाथियों के दूसरे जिले में होने की सूचना थी, लेकिन अचानक उनका मूवमेंट इस क्षेत्र में हो गया। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा दिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस और वन विभाग की टीम इलाके में कैंप कर रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *