ईमेल से मिली धमकी के बाद कोर्ट परिसर घेराबंदी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट।

Spread the love

साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज स्थित सिविल कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। घटना सामने आते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, साहिबगंज सिविल कोर्ट को ईमेल के माध्यम से कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे न्यायालय परिसर को चारों ओर से घेर लिया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को भी तत्काल बुलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट परिसर के हर कोने की बारीकी से तलाशी ली और संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया। वहीं प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ नहीं मिलने से प्रशासन और आम लोगों ने राहत की सांस ली है। इसके बावजूद एहतियातन कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और उसकी मंशा का पता लगाने में जुटी हुई है। इधर, सुरक्षा के मद्देनजर राजमहल सिविल कोर्ट में भी सघन जांच अभियान चलाया गया। राजमहल एसडीपीओ और एसडीओ के नेतृत्व में पुलिस बल ने कोर्ट परिसर का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *