
जमशेदपुर: शहर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित गौड़ बस्ती के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय छात्र आयुष कुमार की स्वर्णरेखा नदी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, आयुष कुमार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अपने तीन दोस्तों के साथ घर से निकला था। इसी दौरान वह नदी में नहाने के लिए उतरा, लेकिन गहरे पानी में जाने के कारण डूब गया। आयुष, गोलमुरी थाना क्षेत्र के न्यू केबुल टाउन निवासी ललित कुमार शर्मा का इकलौता पुत्र था और बारीडीह स्थित आरबीपी स्कूल में छठी कक्षा का छात्र था।
घटना की सूचना मिलने पर मानगो पुलिस शाम करीब साढ़े सात बजे गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आयुष को नदी से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उसे एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गोताखोरों के अनुसार, नदी में फैली जलकुंभी और लगभग 10 फीट गहराई के कारण आयुष फंस गया था, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका। आशंका है कि जलकुंभी और चट्टानों में उलझने के कारण दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद उसके साथ गए दोस्त मौके से भाग गए, जिसके कारण परिजनों को सूचना मिलने में करीब साढ़े तीन घंटे की देरी हुई। इस कारण समय रहते बचाव कार्य शुरू नहीं हो सका।
घटना के पीछे यह भी आशंका जताई जा रही है कि सभी दोस्त नदी में नहाने के साथ-साथ रील बनाने के उद्देश्य से गए थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार सदमे में है और परिजनों ने मामले की गहन जांच की मांग की है।
