
पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर-चाईबासा मुख्य सड़क मार्ग NH-75 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 50 वर्षीय सुमित्रा जामुदा नामक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना चक्रधरपुर-चाईबासा मार्ग पर लोरदा गांव के पास रविवार सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि महिला सड़क किनारे पैदल जा रही थी, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात भारी वाहन ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल महिला को उठाकर इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
महिला की दर्दनाक मौत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने चाईबासा-चक्रधरपुर के बीच NH-75 को जाम कर दिया और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे। सड़क जाम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जता रहे हैं।
सड़क जाम के कारण चाईबासा और चक्रधरपुर के बीच दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। कई यात्री और राहगीर भी जाम में फंसे हुए हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
जाम कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि जब तक कोई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने का लिखित आश्वासन नहीं देता, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
