

मधेपुरा: जिले में बीती देर रात उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र अन्तर्गत एनएच-106 पर रहटा गांव के पास उस वक्त बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब बारात लेकर जा रही गाड़ियों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कई लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को उठाकर अनुमंडल अस्पताल उदाकिशुनगंज में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मधेपुरा रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बारात लेकर जा रही गाड़ी सामने से आ रही वाहन से टकरा गई, जिससे गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद कुछ देर तक एनएच-106 पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया और यातायात को बहाल कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
