
जमशेदपुर में शादी का रिश्ता तय होने के बाद घर आई एक युवती द्वारा गहने चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के गहने भी बरामद कर लिए हैं। बरामद गहनों की कीमत करीब दो लाख साठ हजार रुपये बताई जा रही है। दरअसल 11 मार्च 2026 को सुनील लोहार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पूजा कुमारी नाम की युवती, जिसकी शादी उनके भतीजे के साथ तय हुई थी, वह घर आई थी। इसी दौरान मौका पाकर उसने घर से सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी पूजा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर साकची के आभूषण कारोबारी अजय कुमार के पास से चोरी किए गए गहने बरामद किए गए। बरामद गहनों में करीब 12.5 ग्राम सोने का झुमका, सोने का नाक का बेसर, चांदी का पायल और चांदी की चेन शामिल है। इन सभी गहनों की कुल कीमत लगभग 2 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति की रही है और उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी पूजा कुमारी और गहनो के खरीदार अजय कुमारको गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
