
सरायकेला के चौका- ईचागढ़ मुख्य मार्ग स्थित गौरंगकोचा ब्लॉक मोड़ के समीप शनिवार दोपहर करीब एक बजे एक कंटेनर में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई. कंटेनर में करीब 11 हजार बोल्ट के तार में शॉर्ट सर्किट होने की बात कही जा रही है, जिससे आग तेजी से भड़क उठी. उस समय कंटेनर में टायर और कंबल लोड थे. आग लगते ही इलाके में अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत पानी और उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. उनकी तत्परता से आग को फैलने से पहले ही काफी हद तक काबू में कर लिया गया और बड़ा हादसा टल गया. सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची. हालांकि तब तक ग्रामीणों के सहयोग से आग पर नियंत्रण पा लिया गया था. घटना में सैकड़ों कंबल जलकर राख हो गए, जबकि टायरों में आग नहीं लगने से भारी नुकसान टल गया. पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं. स्थानीय लोगों की सतर्कता और साहस की क्षेत्र में सराहना हो रही है.
