
झारखंड के जमशेदपुर के बालीगुमा क्षेत्र में स्थित चंद्रेश्वर महादेव दुर्गा मंदिर में आगामी 21 फरवरी को भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि मंदिर निर्माण का कार्य पूरी तरह से संपन्न हो चुका है और अब यहां भगवान शिव के शिवलिंग के साथ-साथ देवी-देवताओं की मूर्तियों की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस अवसर पर 21 फरवरी से लेकर 1 मार्च तक लगातार विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन, हवन और विशेष आरती शामिल होंगी। मंदिर समिति ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
