
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना पुलिस ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल, सीतारामडेरा पुलिस ने बीते दिनों थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर घर और दुकानों में चोरी करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों में गुर्जर भुइयां, गौरव भुइयां, घोल्टू भुइयां, सोनू भुइयां और गणेश भुइयां शामिल हैं। सभी आरोपी सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, इन सभी आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास भी रहा है और ये चोरी, लूट और अन्य मामलों में पहले जेल जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक सिलाई मशीन, रॉड, लोहे का औजार, सिलेंडर, जैक समेत कई चोरी के सामान और औजार बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत हजारों रुपये बताई गई है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
