
जमशेदपुर में भारत सरकार के केंद्रीय राज्य रक्षा मंत्री संजय सेठ लापता कैरव गांधी के घर पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना को दुखद बताया और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया।
इस दौरान संजय सेठ ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में हालात चिंताजनक हैं। उनका कहना था कि हाल की घटनाओं से ऐसा प्रतीत होता है कि राज्य में प्रशासनिक नियंत्रण कमजोर पड़ा है। उन्होंने बिहार और उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए सुशासन की बात कही। मंत्री संजय सेठ ने रांची में दो बच्चों के अपहरण के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि समाजिक संगठनों की सक्रियता से बच्चों की बरामदगी हुई, जो प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अराजकता का माहौल है और इससे जांच एजेंसियों व पुलिस का मनोबल प्रभावित हो रहा है। केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार से कानून-व्यवस्था मजबूत करने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि झारखंड को इस स्थिति से बाहर निकालने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
