
जमशेदपुर : स्वच्छ भारत अभियान के तहत जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमिटी (जेएनएसी) ने शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है। रविवार को नगर आयुक्त कृष्णा कुमार ने साकची स्थित कासीडीह पूजा पंडाल से दस फ्लावर वेस्टेज वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ये सभी वाहन शहर के विभिन्न पूजा पंडालों से पूजा में चढ़ाए गए फूलों को एकत्रित करेंगे। इन फूलों को बाद में वैज्ञानिक पद्धति से खाद में परिवर्तित किया जाएगा। नगर आयुक्त ने बताया कि अब तक पूजा के बाद फूलों को इधर-उधर फेंका जाता था, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होती थी। इस पहल से जहां शहर स्वच्छ बनेगा, वहीं आस्था का भी सम्मान होगा।
उन्होंने कहा कि जो भी पंडाल स्वच्छता को अपनाएगा और पंडाल परिसर को साफ-सुथरा रखेगा, उसे जेएनएसी की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। नगर आयुक्त ने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में सहयोग करें और शहर को स्वच्छ बनाने में योगदान दें।
इस अनोखी पहल से जमशेदपुर न केवल स्वच्छता के मामले में और सशक्त होगा, बल्कि पूजा के फूलों का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक नई मिसाल कायम करेगा।
