
जिले के कल्याणपुर मोहल्ले में बकरी चोरी के संदेह में दो नाबालिग लड़कों को ग्रामीणों ने पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया। बताया जा रहा है कि कुल चार लड़के बकरी चोरी की कोशिश कर रहे थे, जिनमें से दो भागने में सफल हो गए, जबकि दो को स्थानीय लोगों ने धर दबोचा। घटना के बारे में मोहल्ले की एक महिला रेणु देवी ने बताया कि मोहल्ले में पिछले कुछ दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिससे लोग सतर्क थे। इसी दौरान इन लड़कों को संदिग्ध हालत में देखकर ग्रामीणों ने पीछा किया और दो को पकड़ लिया।बाद में पकड़े गए बच्चों की मां मौके पर पहुंचीं और उन्होंने ग्रामीणों से अपने बच्चों को छोड़ने की गुहार लगाई। उनका कहना था कि उनके बच्चे निर्दोष हैं और चोरी जैसे काम में शामिल नहीं हो सकते। उन्होंने ग्रामीणों पर बच्चों के साथ मारपीट का आरोप भी लगाया।इस दौरान मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया, लेकिन सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों नाबालिगों को खंभे से छुड़ाया और थाने ले गई। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। इस घटना के बाद मोहल्ले में शांति बहाल हो गई है, लेकिन स्थानीय लोगों ने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
