रांची रेलवे स्टेशन से अपहृत 4 वर्षीय मासूम सकुशल बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार


रांची: रांची रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से चार वर्षीय बालक के अपहरण के मामले का रांची पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने अपहृत बच्चे को साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ क्षेत्र से सकुशल बरामद करते हुए इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर की सुबह रांची रेलवे स्टेशन के बाहर से एक चार वर्षीय बालक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। बताया गया कि घटना के समय बच्चे की मां उसके पास मौजूद नहीं थी। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय गुप्तचर तंत्र की मदद से लगातार जांच आगे बढ़ाई। सघन छापेमारी अभियान के दौरान 26 सितंबर की रात धनबाद पुलिस के सहयोग से धनबाद रेलवे स्टेशन के समीप से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उससे मिली जानकारी के आधार पर साहिबगंज पुलिस के सहयोग से तीनपहाड़ क्षेत्र में छापेमारी की गई, जहां से चार अन्य आरोपियों को दबोच लिया गया।
छापेमारी के दौरान अपहृत चार वर्षीय बालक को भी सकुशल एवं सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बच्चे के मिलने के बाद उसके परिजनों ने राहत की सांस ली है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले के पीछे सक्रिय नेटवर्क, अपहरण के उद्देश्य और आरोपियों के आपराधिक संबंधों की जांच में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *