
जमशेदपुर: शहर के व्यस्त बिष्टुपुर क्षेत्र स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) भवन में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग भवन की चौथी मंजिल पर लगी, जहां से धुएं का घना गुबार और आग की ऊंची लपटें निकलती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 1:30 बजे की है। एलआईसी भवन के समीप स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा भवन के सुरक्षा कर्मियों ने सबसे पहले चौथी मंजिल से निकलती आग की लपटों को देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल एलआईसी प्रबंधन, पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
घटना के समय भवन के अंदर मौजूद दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि आगजनी की इस घटना में किसी के घायल होने अथवा हताहत होने की सूचना नहीं है।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की चार गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे तक लगातार मशक्कत कर आग को अन्य मंजिलों और आसपास की इमारतों में फैलने से रोका। कड़ी मेहनत के बाद सुबह लगभग 4 बजे आग पर काबू पा लिया गया।
बताया जा रहा है कि जिस चौथी मंजिल पर आग लगी, वहां एलआईसी का कार्यालय और कॉन्फ्रेंस हॉल संचालित होता है। आग के कारण इस हिस्से में रखे फर्नीचर, दस्तावेजों और अन्य सामान को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एलआईसी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों और नुकसान के आकलन के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।