
जमशेदपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 33 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16.5 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सीतारामडेरा थाना पुलिस को 26 जुलाई की रात सूचना मिली थी कि मानगो बस स्टैंड के गेट नंबर-5 के पास दो-तीन युवक ओडिशा से गांजा की बड़ी खेप लेकर बिहार जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही सिटी एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान उमेश कुमार के रूप में हुई, जो बिहार के पटना जिले का रहने वाला है। तलाशी लेने पर उसके पास से 33 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 16.5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, पूरे नेटवर्क और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।