
जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में रविवार रात लूट की एक वारदात के दौरान स्थानीय लोगों की सतर्कता से दो बदमाशों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। दोनों आरोपी स्कूटी पर सवार होकर आए थे और बारीडीह निवासी राजेश कुमार पर चापड़ से हमला कर नकदी लूट ली। इसके बाद उन्होंने पीड़ित का मोबाइल छीनने की भी कोशिश की, लेकिन राजेश के विरोध करने पर आसपास के लोग जुट गए और दोनों बदमाशों को धर दबोचा।
घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया चापड़ बरामद कर लिया है, जबकि आरोपियों की स्कूटी भी जब्त कर थाना ले जाई गई। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।
पीड़ित राजेश कुमार ने बताया कि वह सड़क किनारे लघुशंका कर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी से पहुंचे दो युवकों ने अचानक चापड़ से हमला कर उनके पास मौजूद पैसे लूट लिए। इसके बाद वे मोबाइल छीनने का प्रयास करने लगे, लेकिन शोर मचाने पर स्थानीय लोग पहुंच गए और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
इधर, पिछले तीन दिनों से जमशेदपुर में लगातार आपराधिक घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद पुलिस अलर्ट पर होने के बावजूद लूट, छिनतई, चापड़बाजी और फायरिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। शनिवार रात सिदगोड़ा में जन्मदिन समारोह से लौट रहे भाई-बहन से स्नैचिंग हुई थी, जबकि शुक्रवार को कदमा के रामजनम नगर में संजय टांडी को गोली मारी गई थी। गुरुवार को टेल्को में आशिम बनर्जी से चापड़ के बल पर लूट की घटना हुई थी। लगातार हो रही वारदातों ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।