
वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर बकचपरा गंगा घाट पर बुधवार की सुबह गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा स्नान करने गई चार सगी बहनों सहित पांच किशोरियां गंगा की तेज धारा में डूब गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों के बीच कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार बकचपरा निवासी क्रांति पासवान की पुत्रियां संगीता कुमारी, बिनीता कुमारी, संध्या कुमारी एवं सोनम कुमारी तथा पड़ोसी चमन लाल पासवान की पुत्री हिना कुमारी बुधवार सुबह गंगा स्नान करने एवं गंगाजल भरकर घर लाने के लिए बकचपरा गंगा घाट गई थीं। इसी दौरान सभी किशोरियां गंगा में उतर गईं और अचानक गहरे पानी में चली जाने से डूबने लगीं।घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल वासुदेवपुर थाना पुलिस को दी गई। इसके बाद एसडीआरएफ एवं गोताखोरों की टीम को भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे तथा खोजबीन अभियान शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ एवं गोताखोरों की टीम ने संगीता कुमारी को गंगा से बरामद कर लिया। वहीं अन्य चार किशोरियों की तलाश समाचार लिखे जाने तक जारी थी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं परिजन गंगा घाट पर जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे इलाके में मातम का माहौल बना हुआ था।पुलिस प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि लापता किशोरियों की तलाश के लिए एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम लगातार अभियान चला रही है।