सब्जी विक्रेता की ईमानदारी: ढाई लाख के सोने के आभूषण लौटाकर पेश की मिसाल

Spread the love

जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र स्थित बसंत टॉकीज के पास सब्जी मंडी में खरीदारी के दौरान एक महिला डॉक्टर का करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का सोने का आभूषण गुम हो गया था। हालांकि, एक सब्जी विक्रेता की ईमानदारी के कारण महिला को उनका कीमती आभूषण वापस मिल गया।

जानकारी के अनुसार मानगो निवासी डॉ. आरती ने हाल ही में एक ज्वेलरी दुकान से लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य का सोने का आभूषण खरीदा था। मंगलवार को वह अपनी कार से साकची सब्जी मंडी पहुंची थीं। कार पार्क करने के बाद वह पर्स से पैसे निकालकर सब्जियां खरीद रही थीं। इसी दौरान उनका सोने का आभूषण कहीं गिर गया।

कुछ देर बाद जब उन्होंने अपने आभूषण की तलाश की तो वह नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने मंडी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की। सब्जी विक्रेताओं और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन आभूषण का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद डॉ. आरती ने साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

बुधवार को मंडी के एक सब्जी विक्रेता अहमद को अपनी दुकान के पास वह आभूषण मिला। आभूषण मिलने के बाद उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए इसकी सूचना दी और साकची थाना पहुंचकर महिला डॉक्टर को उनका कीमती गहना सौंप दिया।

बताया जा रहा है कि खरीदारी के दौरान आभूषण सब्जी दुकान के पास ही गिर गया था। आभूषण वापस मिलने के बाद डॉ. आरती ने सब्जी विक्रेता अहमद की ईमानदारी की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी अहमद के इस कार्य की प्रशंसा की और इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *