महिला बेटे संग मोबाइल टावर पर चढ़ी, पति पर दूसरी शादी और बेदखल करने का आरोप; न्याय की मांग पर अड़ी

Spread the love

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही वार्ड संख्या-4 स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे मंगलवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला अपने 12 वर्षीय बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई।

टावर पर चढ़ी महिला की पहचान मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र निवासी गुड्डी देवी के रूप में हुई है। महिला का आरोप है कि करीब दस वर्ष पहले मोतीपुर निवासी अमरेंद्र ठाकुर से दिल्ली-गुरुग्राम में उसका प्रेम विवाह हुआ था, जिससे एक 12 वर्षीय पुत्र है। महिला का कहना है कि बाद में उसके पति ने दूसरी शादी कर ली और उसे घर से निकाल दिया।

गुड्डी देवी ने आरोप लगाया कि न्याय की मांग को लेकर वह कई बार थाना और पुलिस अधिकारियों के पास पहुंची, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार उपेक्षा से परेशान होकर उसने अपने बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध जताने का कदम उठाया।
टावर पर मौजूद महिला ने कहा कि जब तक जिला पदाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वयं मौके पर पहुंचकर उसे न्याय का भरोसा नहीं दिलाएंगे, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी।

महिला की जिद के कारण प्रशासन की चिंता बढ़ गई और पुलिसकर्मी लगातार उसे समझाने-बुझाने में लगे रहे।
घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने टावर के आसपास लोगों को दूर रहने की अपील की। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन महिला और उसके बेटे को सुरक्षित नीचे उतारने तथा मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के प्रयास में जुटा हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *