जमशेदपुर में नीट परीक्षा की तैयारी पूरी, 8 केंद्रों पर 21 जून को शामिल होंगे करीब 4 हजार परीक्षार्थी

Spread the love


जमशेदपुर : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन के लिए कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 21 जून को लगभग 4 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी की संभावना न रहे।
इस संबंध में एएसपी ऋषभ द्विवेदी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। केंद्रों के बाहर और आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गश्ती दल भी सक्रिय रहेंगे। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी और निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों पर ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारु रखने की तैयारी की गई है, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की गई है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें तथा परीक्षा से संबंधित सभी निर्देशों का पालन करें।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्र में सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं और सभी होटल एवं लॉज में विशेष निगरानी रखी जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *