जमशेदपुर में दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से दो किशोरों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को रस्सी से बांधा

Spread the love

शहर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदादा स्थित पोटका मोड़ के पास शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ की और चालक को पकड़कर रस्सी से बांध दिया. जानकारी के अनुसार घटना शनिवार रात करीब 7:30 बजे की है. एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दुर्गा हेम्ब्रम (15 वर्ष) और मार्शल सोरेन (14 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. दोनों मृतक केड़ो गांव के रहने वाले थे. परिजनों के अनुसार दुर्गा और मार्शल गहरे दोस्त थे और सिदो- कान्हू स्कूल केड़ो के छात्र थे. शनिवार को स्कूल में परीक्षा देने के बाद दोनों दुर्गा के मामा की बाइक लेकर कालियाबेड़ा बाजार कपड़े खरीदने गए थे. बाजार से लौटने के दौरान पोटका मोड़ के पास एफसीआई का अनाज अनलोड कर लौट रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया और ट्रक के सामने ही रस्सी से बांध दिया. घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर दिया. ग्रामीणों की मांग है कि वाहन मालिक को मौके पर बुलाया जाए और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए. हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है. दुर्गा आठवीं और मार्शल छठी कक्षा के मेधावी छात्र बताए जा रहे हैं. रात भर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही और शव सड़क पर ही पड़े रहे. रविवार सुबह पुलिस ने दोबारा मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद चालक को बंधन मुक्त कराया गया. हालांकि खबर लिखे जाने तक ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम किए हुए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *