
जमशेदपुर/देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात में विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शहर के व्यस्त इलाके सिल्वर सिटी मॉल के पास उस समय हुई जब विक्रम शर्मा जिम से वापस लौट रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, सीढ़ियों के पास पहले से घात लगाए दो हमलावर अचानक पैदल पहुंचे और पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। कई गोलियां लगने से विक्रम शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, वारदात सुबह करीब 10 बजे की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक का संबंध दुमका जेल में बंद माफिया डॉन अखिलेश सिंह से जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और फरार हमलावरों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश या आपराधिक नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
