
जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित एम.ई. स्कूल रोड, सेवा सदन अस्पताल के पास एक घर में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. बुधवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि 1 फरवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर आलमारी तोड़ी और हीरा, सोना, चांदी समेत महंगे जेवरात चोरी कर लिए थे. मामले में जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था जमशेदपुर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. गुप्त सूचना, सीसीटीवी फुटेज और डॉग स्क्वॉड की मदद से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी रितिक कुमार सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी नियर सेवा सदन, जुगसलाई को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए सभी जेवरात और नकदी बरामद कर लिए गए. बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई गई है.
बरामद सामानों में सोने और चांदी के आभूषण, हीरा जड़ित जेवरात, कंगन, चूड़ियां, चैन, अंगूठियां, मांगटीका, नथुनी, पायल, सिक्के और विभिन्न मूल्य के नोट शामिल हैं. चोरी में उपयोग किए गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. साकची थाना में उसके खिलाफ पहले से मामला दर्ज है. सिटी एसपी ने बताया कि पहले युवक अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देता था मगर इस बार उसने अकेले ही चोरी की घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.
