
सऊदी अरब में उमराह के लिए गए भारतीय श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मक्का से मदीना जा रही एक बस की टैंकर से भिड़ंत हो गई, जिसमें 40 से ज्यादा भारतीयों की मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर अभी तक किसी भी स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यह दुर्घटना बाट रात उस समय हुई जब बस उमराह यात्रा पूरी कर मक्का से मदीना की ओर जा रही थी। तेज रफ्तार में आ रहे एक टैंकर ने बस को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय प्रशासन ने राहत व बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया। मौके पर सिविल डिफेंस, पुलिस और एम्बुलेंस की कई टीमें पहुंचीं और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। भारतीय दूतावास भी लगातार स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहा है।
दुर्घटना में मारे गए और घायल हुए भारतीय नागरिकों की पहचान प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भारत सरकार ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि आधिकारिक पुष्टि के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
उमराह के सीजन में मक्का-मदीना मार्ग पर यातायात बढ़ जाता है, ऐसे में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल एक बार फिर उठ खड़े हुए हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है।


