सीतारामडेरा में टकलू लोहार हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में शामिल और अमरनाथ सिंह गिरोह का सक्रिय सदस्य रिंकू सेठ को जिला पुलिस ने चार साल बाद राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है

यह कार्रवाई सिटी एसपी कुमार शिवाशीष की निगरानी में की गई। पुलिस टीम ने राजस्थान पुलिस की मदद से शाहपुर इलाके में छापेमारी कर रिंकू को पकड़ा। उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिंकू सेठ उलीडीह का निवासी है और फरारी के दौरान ‘खाटू वाले श्याम बाबा’ नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप संचालित कर अपने गिरोह के सदस्यों से संपर्क बनाए रखता था। तकनीकी सेल ने इस ग्रुप की गतिविधियों पर नजर रखी और लोकेशन की पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। उल्लेखनीय है कि उसके खिलाफ सीतारामडेरा थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर 28 नवंबर को कुर्की-जप्ती की कार्रवाई भी की थी।रिंकू सेठ, मासुक मनीष और निशु मिलकर मानगो क्षेत्र में गणेश सिंह गिरोह के वर्चस्व को चुनौती देते हुए कई आपराधिक वारदातों को अंजाम देते रहे हैं। तीनों अमरनाथ गिरोह से जुड़े हुए हैं।गौरतलब है कि 1 फरवरी 2024 को हुए टकलू लोहार हत्याकांड में पुलिस ने पहले ही कई आरोपियों को जेल भेजा है। 13 फरवरी को सुजल बहादुर उर्फ बोटे और मुन्ना अधिकारी, वहीं 12 मार्च को अभिजीत मंडल उर्फ कांडी और गौरव कुमार राम को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इनके पास से एक देसी कट्टा, एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। ये सभी 11 मार्च को मुंबई से जमशेदपुर लौटे थे और कोलकाता जाने की फिराक में थे, तभी टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेल पुलिस और आरपीएफ ने इन्हें पकड़ लिया था। फिलहाल पुलिस रिंकू सेठ को शहर लाने की प्रक्रिया में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *