
जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के राम जन्म नगर मरीन ड्राइव के पास से पुलिस ने दो अपराधी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर बड़ी घटना को टालने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इनके पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल, चार कारतूस, एक देशी कट्टा और उसका एक कारतूस बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कदमा थाना क्षेत्र के अशोक पथ, भाटिया बस्ती निवासी राजेश महानंद उर्फ पोतू और शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 5, पेट्रोल पंप के पास रहने वाले प्रशांत कापड़ी उर्फ बिट्टू कापड़ी के रूप में हुई है।
एसएसपी पीयूष पांडे ने साकची स्थित एसएसपी ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राम जन्म नगर मरीन ड्राइव के पास दो युवक हथियार लेकर संदिग्ध रूप से घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापामारी की और दोनों को मौके पर दबोच लिया।
पूछताछ में राजेश महानंद ने स्वीकार किया कि वह अपने मित्र प्रशांत कापड़ी को हथियार देने आया था। उसी दौरान पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पुलिस का मानना है कि दोनों किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस इनसे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
