जमशेदपुर मे भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर ने बीते वर्ष मुख्यमंत्री से खाद्य सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले के विभाग की पत्रिका ‘आहार’ के प्रकाशन में सरकारी नियमों का घोर उल्लंघन करने की शिकायत की थी। जिला उपायुक्त से साक्ष्य एवं तथ्यों के आधार पर मुख्यमंत्री से जांच की मांग के एक वर्ष बीत जाने के बाद भी घोटालेबाजों पर कोई कार्रवाई ना होने से भाजपा ने घोर नाराजगी जताई है। सोमवार को साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पश्चिम विधानसभा के प्रत्याशी रहे देवेंद्र सिंह ने इस आशय को लेकर मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर की ओर से 18-03-2021 को मुख्यमंत्री से खाद्य सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले के विभाग की पत्रिका ‘आहार’ के प्रकाशन में सरकारी नियमों का घोर उल्लंघन करने की शिकायत की गयी थी। इस सिलसिले में पार्टी द्वारा दिये गये ज्ञापन में साक्ष्यों एवं तथ्यों का उल्लेख करते हुए निवेदन किया गया था कि राज्यहित/लोकहित में ‘आहार’ पत्रिका का मुद्रण, प्रकाशन झारखंड प्रिंटर्स को अनियमित रूप से दिये गये कार्य की जांच कर विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए भारतीय दंड विधान की सुसंगत धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाये। इस मांग के एक वर्ष से अधिक होने के बावजूद आज तक मुख्यमंत्री द्वारा कार्रवाई करने का कोई आदेश नहीं दिया गया है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि एक घोटालेबाज की दूसरे घोटालेबाज से मिलीभगत है। अगर दस दिनों के भीतर हमारी मांगों को नहीं माना जाता है तो जमशेदपुर महानगर भाजपा रांची के प्रोजेक्ट भवन के समक्ष मानव श्रृंखला बनाकर सरकार के विरुद्ध लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर दबाव बनाएगी।