जामताड़ा में साइबर ठगों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, अंग्रेजी बोलकर लोगों को ठगने वाला शातिर समेत 4 गिरफ्तार, 8 मोबाइल और 13 सिम कार्ड बरामद

जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। मौके पर साइबर डीएसपी अमित रविदास, साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

एसपी ने बताया कि पुलिस को मिली सूचना के आधार पर साइबर थाना की टीम ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में 1.समरेश मंडल उम्र 25, पिता: स्व० राजेश मंडल, 2.
प्रलाध कुमार मंडल, उम्र 26 वर्ष पिता ऋषिकेश मंडल दोनों ग्राम देवलवाड़ी थाना कर्माटांड़, 3. खगेन दां उम्र 22 वर्ष पिता तारापाड़ा ग्राम बिष्टुपुर थाना नारायणपुर, और उत्तम नाग उम्र 37 वर्ष पिता स्व० भोलू नाग ग्राम सोनवाद थाना जामताड़ा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, समरेश मंडल पढ़ा-लिखा युवक है और अंग्रेजी में बातचीत कर लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाता था। उसे ठगी की गतिविधियों में संलिप्त रहते हुए पकड़ा गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। मामले में साइबर थाना कांड संख्या 74/26, दिनांक 19 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 111(2)(b), 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2), 3(5), आईटी एक्ट की धारा 66(B), 66(C), 66(D) तथा टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की धारा 42(3)(e) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसपी ने बताया कि समरेश मंडल पहले भी साइबर अपराध के मामले में जेल जा चुका है। वहीं, खगेन दां के खिलाफ भी पूर्व में साइबर अपराध का मामला दर्ज रहा है और वह पहले जेल जा चुका है। समरेश मंडल का परिवार राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा होने के कारण उसकी गिरफ्तारी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग मिले हैं। इन सुरागों के आधार पर साइबर अपराध के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान के लिए टीम गठित कर जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस मामले में आगे भी कार्रवाई की जा सकती है। बताते चले की गिरफ्तार अपराधियों में प्रहलाद मंडल व्हाट्सएप नंबर पर आरटीओ चालान ऐप भेज कर ठगी करता था, खगेन दा बैंक अधिकारी बनकर एटीएम संबंधित जानकारी हासिल करके ठगी करता था और उत्तम नाग फोन पे के जरिए कैशबैक का लालच देकर ठगी करता था। सभी गिरफ्तार अपराधियों को न्याय का भी रक्षा में जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *