जमशेदपुर: बर्मामाइंस में देसी कट्टा और 5 गोलियों के साथ युवक गिरफ्तार, मोहम्मद शाहिद का नाम आया सामने

जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, .315 बोर की पांच गोलियां और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक ने पूछताछ में हथियार कुख्यात अपराधकर्मी मोहम्मद शाहिद द्वारा दिए जाने की बात कही है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे कंटेनर यार्ड के आसपास एक युवक हथियार लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। मामला बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के रेलवे कंटेनर यार्ड के पास का है। पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा, पांच गोलियां और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। गिरफ्तार युवक की पहचान मुस्लिम बस्ती, कैरेज कॉलोनी निवासी करीब 20 वर्षीय मोहम्मद इरफान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में इरफान ने बताया कि हथियार और गोलियां मोहम्मद शाहिद ने उसे दी थीं और उसके कहने पर वह अपराध करने के लिए निकला था।इस मामले में बर्मामाइंस थाना कांड संख्या 65/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार इरफान का नाम पहले भी बर्मामाइंस थाना में दर्ज एक मामले में सामने आ चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हथियार उपलब्ध कराने वाले कथित आरोपी की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *