
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पूर्व आभूषण व्यवसायी सुरेश चौधरी के घर हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया. चांडिल बस स्टैंड के समीप स्थित घर में करीब 7 से 8 नकाबपोश अपराधी घुसे और परिवार के सदस्यों को हथियार का भय दिखाकर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए. पीड़ित के पुत्र उमंग चौधरी के अनुसार रात करीब एक बजे अपराधी चेहरे पर गमछा बांधकर घर में दाखिल हुए. उनके पास बंदूक और अन्य हथियार थे. अपराधियों ने परिवार के सदस्यों को अपने कब्जे में लेने के बाद घर में रखे जेवरात समेट लिए और मौके से निकल गए. घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. लूटे गए आभूषणों की कुल कीमत का आधिकारिक आकलन फिलहाल सामने नहीं आया है. वारदात चांडिल थाना और बस स्टैंड के नजदीक होने के कारण स्थानीय स्तर पर रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. घनी आबादी वाले क्षेत्र में हथियारबंद अपराधियों द्वारा घर में घुसकर डकैती की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. बताया जाता है कि सुरेश चौधरी पहले चांडिल बाजार में आभूषण का व्यवसाय करते थे, लेकिन कुछ वर्ष पहले उन्होंने दुकान बंद कर दी थी. ऐसे में अपराधियों ने उनके घर को क्यों निशाना बनाया और क्या उन्हें घर में जेवरात होने की पहले से जानकारी थी, पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है. चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. घटनास्थल और आसपास से आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है. अपराधियों की पहचान, गिरफ्तारी और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है.