
जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में 1 अक्टूबर की रात हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों में राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू, मो. कैफ उर्फ स्मोलू और दशरथ शुक्ला शामिल हैं. शनिवार को एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी.
गौरतलब है कि बीते 1 अक्टूबर की रात करीब 11:15 बजे सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना हुई थी. सूचना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी सीतारामडेरा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम को सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर भेजा गया.
जांच के दौरान पुलिस ने राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू और मो. कैफ उर्फ स्मोलू को फायरिंग की घटना में आरोपी मानते हुए गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक दोनों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो देसी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां और एक स्कूटी बरामद की गई.
दोनों आरोपियों के सहयोग के आरोप में दशरथ शुक्ला गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने दशरथ शुक्ला को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस का आरोप है कि उसने दोनों आरोपियों का सहयोग किया था. इस तरह फायरिंग कांड में अब तक कुल तीन लोगों की गिरफ्तारी की गई है. गिरफ्तार राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू की उम्र 32 वर्ष बताई गई है और वह साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह का रहने वाला है. मो. कैफ उर्फ स्माइल, उम्र 23 वर्ष, साकची क्षेत्र का निवासी है. वहीं दशरथ शुक्ला, उम्र 44 वर्ष, गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुईलाडूंगरी का रहने वाला बताया गया है.
कोदू के खिलाफ 18 पुराने मामले
एसएसपी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू का विस्तृत आपराधिक इतिहास भी दिया गया है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ कुल 18 पुराने मामले दर्ज रहे हैं. इनमें सोनारी थाना में वर्ष 2019 और 2020 के मामले, सिदगोड़ा थाना में वर्ष 2020, गोलमुरी थाना में वर्ष 2022 के दो मामले, आरआईटी थाना में वर्ष 2023, घाटशिला थाना में वर्ष 2024 के दो मामले, गालूडीह थाना में वर्ष 2024, कदम थाना में वर्ष 2024, सोनारी थाना में वर्ष 2024 के अन्य मामले, एमजीएम थाना, आदित्यपुर थाना तथा सीतारामडेरा थाना में दर्ज मामले शामिल हैं. पुलिस द्वारा जारी रिकॉर्ड के मुताबिक इन मामलों में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत भारतीय दंड संहिता और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं.
स्मोलू के खिलाफ चार मामलों का रिकॉर्ड
पुलिस ने मो. कैफ उर्फ स्मोलू का आपराधिक इतिहास भी जारी किया है. उसके खिलाफ चार पुराने मामले दर्ज बताए गए हैं. इनमें कदम थाना के वर्ष 2022 और 2025 के मामले तथा साकची थाना में वर्ष 2025 के दो मामले शामिल हैं. पुलिस ने वर्तमान फायरिंग की घटना को लेकर सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 105/2026, दिनांक 02.10.2026 दर्ज किया है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि मामले का अनुसंधान जारी है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.