गम्हरिया में सड़क किनारे अचेत मिला सिक्योरिटी गार्ड, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

सरायकेला: जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर के निकट मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला. सूचना मिलने के बाद पुलिस की गश्ती टीम और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गम्हरिया पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना के बाद पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए छानबीन शुरू की. बाद में उसकी पहचान संदीप महापात्र के रूप में हुई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संदीप महापात्र मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का रहने वाला था. वह वर्तमान में गम्हरिया थाना के निकट किराए के मकान में रह रहा था और निजी सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता था.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि संदीप मुख्य मार्ग पर कैसे गिरा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मौत के वास्तविक कारणों का पता चिकित्सकीय जांच और आगे की पुलिस कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *