
झारखंड के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ गुरुवार को सरायकेला पहुंचे. उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ जिले के अधिकारियों से भी मुलाकात की. मंत्री ने इसे अनौपचारिक बैठक बताते हुए कहा कि संगठन से जुड़े विषयों पर कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत हुई. दीपक बिरुआ वर्तमान में झारखंड के परिवहन मंत्री हैं. जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों के सवाल पर मंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है. इसमें पुलिस-प्रशासन. आम नागरिक और उद्योग समेत सभी की जिम्मेदारी है. सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग को उन्होंने गलत बताते हुए कहा कि समस्या के समाधान के लिए प्रशासन और उद्योगों के साथ समन्वय कर काम किया जा रहा है. सरायकेला- कांड्रा- चौका- चांडिल मार्ग की स्थिति पर मंत्री ने माना कि सड़क की हालत खराब है. उन्होंने इस मामले में JRDCL की भूमिका तय होने की बात कही. वहीं राजनगर की सड़क के संबंध में उन्होंने कहा कि वह काफी दिनों से उस मार्ग पर नहीं गए हैं. इसलिए वर्तमान स्थिति की जानकारी उन्हें नहीं है. सड़क दुर्घटनाओं पर मंत्री ने चिंता जताई. हालांकि खराब सड़कों की मरम्मत और सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए कोई निश्चित समयसीमा उनके बयान में सामने नहीं आई.