लगातार बारिश से जमशेदपुर में बाढ़ जैसे हालात, स्वर्णरेखा-खरकाई खतरे के निशान से ऊपर


जमशेदपुर: पिछले 72 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार वर्षा के कारण शहर की प्रमुख नदियां स्वर्णरेखा और खरकाई खतरे के निशान को पार कर चुकी हैं, जिससे निचले क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। कई इलाकों में नदी का पानी प्रवेश कर गया है और लोगों के सामने सुरक्षित स्थानों पर जाने की नौबत आ गई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का निर्देश जारी किया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
मानगो, बागबेड़ा, शास्त्रीनगर समेत नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।
शनिवार को बारिश की तीव्रता में कुछ कमी जरूर आई है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। नदियों का जलस्तर लगातार ऊंचा बना हुआ है, जिससे प्रशासन अलर्ट मोड पर है। संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखा गया है।
लगातार बारिश के कारण कई सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की है। फिलहाल पूरे जिले में बाढ़ और बारिश को लेकर हाई अलर्ट जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *