
जमशेदपुर में लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। शहर की दोनों प्रमुख नदियां स्वर्णरेखा और खरकाई खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिसका असर अब आसपास के निचले इलाकों में साफ तौर पर दिखाई देने लगा है।
बढ़ते जलस्तर के कारण जमशेदपुर और कपाली को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण जाकिर पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है। पुल के जलमग्न होने से हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। प्रशासन द्वारा लोगों से पुल के आसपास नहीं जाने और सुरक्षित मार्गों का उपयोग करने की अपील की जा रही है।
नदियों का पानी लगातार बढ़ने से आसपास के कई क्षेत्रों में भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। स्थानीय लोग बाढ़ की आशंका को लेकर चिंतित हैं, वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। राहत और बचाव दलों को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
इसी बीच जाकिरनगर क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार एक युवक तेज बहाव वाले पानी में बहने लगा। युवक को पानी में संघर्ष करता देख स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर रस्सी के सहारे युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवक के सुरक्षित बच जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे जाने से बचने, बच्चों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।